हनुमान फाटक वार्ड में नीलकंठ तिवारी का 62वां वार्ड प्रवास, मौके पर सुनीं जनसमस्याएं
वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत शुक्रवार को डॉ. नीलकंठ तिवारी ने हनुमान फाटक वार्ड में 62वें दिन प्रवास कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और वार्ड की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कई समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
शुक्रवार की सुबह डॉ. नीलकंठ तिवारी गोलगड्डा चौराहे के समीप एक अस्पताल के पास पहुंचे, जहां पहले से मौजूद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिदिन की तरह स्वयं झाड़ू लगाकर ‘स्वच्छ काशी-सुंदर काशी’ का संदेश दिया।
वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने एक स्थान पर सीवर जाम की समस्या की शिकायत की। समस्या की जानकारी मिलते ही डॉ. तिवारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से नाराजगी जताई और तत्काल समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने सामने ही सीवर का ढक्कन खुलवाकर पाइपलाइन की स्थिति की जांच कराई। जांच के बाद सीवर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सीवर पाइपलाइन बदलने के निर्देश दिए।
इसके बाद डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वार्ड की गलियों का भ्रमण किया और कई स्थानों पर स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। स्थानीय पार्षद रोहित जायसवाल के साथ उन्होंने वार्ड की समस्याओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सीवर ओवरफ्लो, पेयजल की उपलब्धता सहित अन्य समस्याएं उनके सामने रखीं। डॉ. तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
वार्ड प्रवास के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. नीलकंठ तिवारी का स्वागत किया तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर तारकेश्वर गुप्ता, बंटी, रोहित जायसवाल, शाहिद अफरीदी, सुनील यादव, पंकज चतुर्वेदी, अंकुर मेहरोत्रा,मोहम्मद अहमद भोला मंडल उपाध्यक्ष , फुलाजी, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







Users Today : 38
Users Yesterday : 59