आर्य महिला पीजी कॉलेज में पांच दिवसीय जुम्बा कार्यशाला का समापन
वाराणसी। आर्य महिला पीजी कॉलेज चेतगंज के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग द्वारा छात्राओं एवं स्टाफ को स्वस्थ, सक्रिय और तनावमुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 से 21 सितंबर 2026 तक पांच दिवसीय जुम्बा कार्यशाला 2.0 (फिटनेस एवं तनाव मुक्ति कार्यक्रम) का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में कॉलेज की 400 से अधिक छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के दौरान बीट डांस स्टूडियो के जुम्बा प्रशिक्षक अनिश चौरसिया द्वारा जुम्बा एवं फिटनेस का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में भाग लिया। कार्यशाला का समापन समारोह 21 सितंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे कॉलेज के मुख्य खुले हॉल में आयोजित किया गया। समारोह में एडीसीपी नम्रता श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि तथा शिप्रा धर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम संयोजक रीतिका सिंह एवं समन्वयक अंशुल जायसवाल के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कॉलेज की प्राचार्या रचना दुबे ने कार्यक्रम को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि नम्रता श्रीवास्तव द्वारा कार्यशाला में भाग लेने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र तथा खेल समिति के सदस्यों एवं जुम्बा प्रशिक्षक अनिश चौरसिया को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में सुधाकर शुक्ला, वेद प्रकाश पांडेय तथा खेल समिति के सदस्य अभिलाषा पांडेय, अमन पांडेय, विपिन रंगा एवं अभिषेक त्रिपाठी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में चेतमणि ज्वेलर्स लहुराबीर, मोनू साड़ी कबीरचौरा एवं चेरियन क्लीनिक सुंदरपुर का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन प्राप्त हुआ। महाविद्यालय की ओर से सभी प्रायोजकों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समापन समारोह में छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे परिसर को ऊर्जा एवं उमंग से भर दिया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं एवं स्टाफ में शारीरिक फिटनेस, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।








Users Today : 2
Users Yesterday : 73