70वें दिन आदि विशेश्वर वार्ड पहुंचे नीलकंठ तिवारी, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

वाराणसी। शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं जनसमस्या निवारण महाअभियान लगातार जारी है। अभियान के 70वें दिन डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र स्थित आदि विशेश्वर वार्ड का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और मौके पर ही विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान कई गलियों में उबड़-खाबड़, अव्यवस्थित ढंग से लगी पत्थर की पटिया तथा बिजली के तारों की स्थिति देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
चौक क्षेत्र के गोविंदपुरा खुर्द में स्थानीय निवासी प्रवीण रस्तोगी ने डॉ. तिवारी को बताया कि उनके घर और आसपास के क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या है। जलकल की ओर से पानी की आपूर्ति नहीं होती और क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन भी नहीं बिछाई गई है।
समस्या की जानकारी मिलने पर डॉ. तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल पाइपलाइन बिछाकर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद इंद्रेश सिंह को इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपते हुए दो दिन के भीतर कार्य पूरा कराने और इसकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
आगे भ्रमण के दौरान कुछ स्थानों पर बिजली के खंभों के अभाव में तार गलियों में लटकते मिले। इससे दुर्घटना की आशंका को देखते हुए डॉ. तिवारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को नए खंभे लगाकर तारों को व्यवस्थित करने तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वार्ड प्रवास के दौरान स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डॉ. तिवारी के साथ भ्रमण में शामिल रहे और विभिन्न नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं को लेकर भी लोगों से संवाद किया गया।
डॉ. तिवारी ने कहा कि वार्ड प्रवास का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे सुनना और संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, महानगर मंत्री सुनील यादव, जया केसरी, पार्षद अंकुर मल्होत्रा, पार्षद अमरीश गुप्ता, पार्षद श्रवण गुप्ता, आत्मा विश्वेश्वर , हरि केसरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह डब्बू ,
महानगर आई टी प्रभारी पंकज चतुर्वेदी
सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







Users Today : 33
Users Yesterday : 82