सीवर, पेयजल और सफाई की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश, मछोदरी में लगा जनकल्याणकारी योजनाओं का कैंपवाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान रविवार को 71वें दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत उन्होंने मध्यमेश्वर वार्ड में भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और घर-घर पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं। यह अभियान 19 जुलाई से शुरू हुआ है और 2 अक्टूबर तक चलाया जाना है।
रविवार को कार्यक्रम की शुरुआत हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद डॉ. नीलकंठ तिवारी वार्ड की गलियों में पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने लोगों से स्थानीय बोलचाल की भाषा में समस्याओं के बारे में जानकारी ली। क्षेत्रवासियों ने सीवर जाम और ओवरफ्लो, पेयजल की गुणवत्ता तथा सफाई समेत विभिन्न समस्याएं बताईं। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कुछ समस्याओं के मौके पर ही समाधान किए जाने की जानकारी दी गई।
सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए लगा कैंप
रविवार को आम लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से स्मार्ट स्कूल मछोदरी में कैंप भी आयोजित किया गया। कैंप में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया समझाई गई।
कच्चीबाग क्षेत्र निवासी शाहिद अफरीदी ने विधायक के वार्ड प्रवास अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विधायक के माध्यम से संबंधित विभागों तक पहुंचाया गया और उनके समाधान के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम उपयोगी हैं।
कार्यक्रम में महानगर आईटी प्रकोष्ठ संयोजक पंकज चतुर्वेदी, महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, महानगर मंत्री सुनील यादव, प्रियांशु तिवारी, मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता बंटी , पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित सिंह और अल्पसंख्यक मोर्चा के वार्ड अध्यक्ष शाहिद अफरीदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के तहत विधायक द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग वार्डों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद और समस्याओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।








Users Today : 0
Users Yesterday : 57