पंजाब मेल से गिरकर 22 वर्षीय युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
चंदौली। वाराणसी-गया रेलखंड पर सोमवार की देर रात पंजाब मेल ट्रेन से गिरकर बक्सर निवासी 22 वर्षीय युवक रोहित की मौत हो गई। मंगलवार को उसका शव चंदौली जिले के जफरपुर चौकी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि रोहित पंजाब मेल ट्रेन से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान जफरपुर चौकी क्षेत्र के पास वह किसी तरह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक से शव को हटवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
युवक की अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने भी घटना पर दुख जताया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








Users Today : 54
Users Yesterday : 44