Home » Uncategorized » मोदी के राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूरे, काशी में सेवा संकल्प का समापन

मोदी के राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूरे, काशी में सेवा संकल्प का समापन

मोदी के राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूरे, काशी में सेवा संकल्प का समापन
********
अशोक चौरसिया बोले- 7 अक्टूबर ऐतिहासिक दिन, 25 साल के राजनीतिक नेतृत्व का पूरा होगा पड़ाव
********
वडनगर से काशी पहुंची सेवा यात्रा के 500 बाइक यात्री करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक
********
जगतपुर में नितिन नबीन की सभा में 50 हजार जुटाने का लक्ष्य, योगी, हिमंत और पंकज चौधरी रहेंगे मौजूद

 


********
वाराणसी 6 अक्टूबर:–  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के समापन को लेकर काशी में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

मंगलवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने 7 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और लगभग 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल रहा है। पार्टी इसी राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

अशोक चौरसिया ने कहा कि वडनगर से काशी तक निकली बाइक सेवा यात्रा सामान्य यात्रा नहीं रही। यात्रा के दौरान जिन राज्यों, जिलों और स्थानों पर बाइक सेवा यात्रियों का पड़ाव हुआ, वहां उन्होंने समाजसेवा के अलग-अलग कार्य किए। यात्रियों ने स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, रक्तदान समेत जनसेवा के कार्यों में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सेवा और समाजसेवा के कई उदाहरण सामने आए।

800 लोगों का जत्था करेगा बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक
*******
अशोक चौरसिया ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक सेवा यात्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में सुबह नौ बजे बस से पहुंचेंगे। वहां सभागार में उनके स्वागत-अभिनंदन का कार्यक्रम होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। बाइक यात्रियों का तिलक, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव उद्बोधन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे। वहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। उन्होंने बताया कि पैदल यात्रा में आगे वडनगर की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश, कुल 22 कलश रहेंगे। इनके साथ 51 महिलाएं चलेंगी। भाजपा के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, एमएलसी और कार्यकर्ताओं के साथ बाइक सेवा यात्री भी शामिल होंगे। कुल संख्या करीब 800 रहेगी। सभी बाबा विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार से प्रवेश करेंगे। मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा। इसके बाद यात्री पैदल मैदागिन लौटेंगे और बस से गोकुल धाम रिसॉर्ट पहुंचेंगे। वहां दोपहर का भोजन करने के बाद दोपहर 2:30 बजे जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा में शामिल होंगे। यात्रा के अगले चरण में 8 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे सभी बाइक यात्री अयोध्या के लिए रवाना होंगे। इसके बाद अयोध्या से दिल्ली पहुंचकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

जगतपुर में 50 हजार जुटाने का लक्ष्य

अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की काशी में यह पहली जनसभा है। इसके लिए पार्टी ने व्यापक तैयारियां की हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के झंडे और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। जनसभा में 50 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव, गली, चट्टी-चौराहे तक पहुंचकर लोगों को जनसभा में आने का निमंत्रण दे रहे हैं। जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली सभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भी मौजूद रहने की जानकारी दी गई है। सेवा संकल्प बाइक यात्रा के वडनगर से काशी पहुंचने और इसी अवसर पर जनसभा के आयोजन की पुष्टि विभिन्न रिपोर्टों में भी हुई है।

पत्रकार वार्ता में संगठन के प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर और शैलेन्द्र मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

अशोक चौरसिया ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के जरिए सेवा, समाज और संगठन की सहभागिता को जोड़ने का प्रयास किया गया है। 7 अक्टूबर को काशी में यात्रा के समापन, बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक और जगतपुर की जनसभा के साथ अभियान का प्रमुख कार्यक्रम संपन्न होगा।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *