बरेका में सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत सार्वजनिक खरीद पर व्याख्यान आयोजित
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत बुधवार, 07 अक्टूबर 2026 को प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र स्थित सेमिनार हॉल में विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोंकण रेलवे, नवी मुंबई के भंडार नियंत्रक श्री अरुण मेहता ने अतिथि वक्ता के रूप में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक, बरेका श्री आशुतोष पंत एवं अतिथि वक्ता श्री अरुण मेहता के आगमन के साथ हुआ।
इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं अतिथि वक्ता द्वारा पौधरोपण किया गया। तत्पश्चात सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सतर्कता अधिकारी, बरेका श्री अंकुर चंद्रा द्वारा अतिथि वक्ता श्री अरुण मेहता का प्लांटर एवं अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने बरेका परिवार की ओर से श्री अरुण मेहता का स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक खरीद किसी भी बड़े संगठन की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें पारदर्शिता, गुणवत्ता, निष्पक्षता, दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री अरुण मेहता के लंबे अनुभव एवं व्यावहारिक जानकारी से बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुभवी अधिकारियों से सीखने तथा अपने अनुभवों को नई पीढ़ी के अधिकारियों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया। अतिथि वक्ता श्री अरुण मेहता ने दो सत्रों में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता, निष्पक्षता एवं समावेशिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सतर्कता के दृष्टिकोण से बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्ता एवं लागत आधारित चयन की अवधारणा, इसकी उपयोगिता तथा सार्वजनिक खरीद में गुणवत्ता और लागत के बीच संतुलन स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। इसके साथ ही सार्वजनिक खरीद एवं सतर्कता परिप्रेक्ष्य के अंतर्गत खरीद प्रक्रिया में संभावित जोखिमों, सतर्कता संबंधी बिंदुओं तथा निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के उपायों पर चर्चा की। व्याख्यान के दौरान सार्वजनिक खरीद के चार प्रमुख स्तंभों, प्रासंगिक पैरामीटर तथा विभिन्न केस स्टडी के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। इससे प्रतिभागियों को नियमों के साथ-साथ सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया के व्यावहारिक पक्ष को समझने का अवसर मिला। श्री अरुण मेहता ने अपने संबोधन के दौरान बरेका से जुड़ी अपनी कार्ययात्रा के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बरेका से ही अपनी रेल सेवा की शुरुआत से जुड़े अनुभवों को स्मरण करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान में कार्य करते हुए प्राप्त अनुभव केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होता, बल्कि उसे अगली पीढ़ी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तक पहुंचाना भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में सतर्कता परिप्रेक्ष्य से सार्वजनिक खरीद पर विशेष चर्चा की गई। इस दौरान सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में सतर्कता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बिंदुओं, निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता, प्रक्रियात्मक शुचिता तथा विभिन्न स्तरों पर आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सार्वजनिक खरीद से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक प्रश्न पूछे, जिनका अतिथि वक्ता द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। व्याख्यान के उपरांत महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत द्वारा अतिथि वक्ता श्री अरुण मेहता को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लाल जी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, उप महाप्रबंधक श्री सागर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में मुख्य सतर्कता अधिकारी, बरेका श्री अंकुर चंद्रा ने श्री मेहता को काशी का इतिहास एवं अंधेर नगरी पुस्तक भेंट की। तत्पश्चात उन्होंने समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन अनूप सिंह वत्स द्वारा किया गया।







Users Today : 17
Users Yesterday : 169