आइसीएआर के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट 17 अक्टूबर को आइआइवीआर का दौरा करेंगे

कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डेयर) के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप), नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट, उप-महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. देवेन्द्र कुमार यादव और उप-महानिदेशक (कृषि प्रसार) डॉ. राजवीर सिंह के साथ 17 अक्टूबर, 2026 को भाकृअनुप-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आइआइवीआर), वाराणसी का दौरा करेंगे। उनके साथ ही परिषद् के सहायक महानिदेशक डॉ. सुधाकर पाण्डेय भी रहेंगे. इस दौरान, गणमान्य अतिथि संस्थान परिसर में वृक्षारोपण करेंगे और हाई-टेक ग्रीनहाउस एवं स्पीड ब्रीडिंग सुविधा, बायोसेफ्टी लेवल III (बी.एस.एल.-III) प्रयोगशाला, तथा जीनोम संपादन प्रयोगशाला (पौध ट्रांसफॉर्मेशन सुविधाएं) जैसी अत्याधुनिक अनुसंधान अवसंरचनाओं का उद्घाटन करेंगे। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि उद्घाटन की जाने वाली ये अत्याधुनिक सुविधाएं जलवायु-अनुकूल और रोग-प्रतिरोधी सब्जी किस्मों के विकास में तेजी लाएंगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली पौष्टिक सब्जियां सुलभ होंगी। उद्घाटन समारोह के पश्चात, महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी संस्थान की प्रयोगशालाओं और खेतों का निरीक्षण करेंगे तथा वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद करेंगे। संस्थान में मीडिया सेल चेयरमैन डॉ. डी. पी. सिंह ने जानकारी दी है कि उक्त कार्यक्रमों के अतिरिक्त, देश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सब्जियों के साथ-साथ तिलहन और दलहन की खेती को बढ़ावा देने पर चर्चा करने के लिए किसानों और कृषक उत्पादक संगठनों के साथ एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया है .








Users Today : 4
Users Yesterday : 125