उप जिलाधिकारी ने जमीन पर बैठकर देखी रामलीला, कहा- भगवान राम समाज के आदर्श पुरुष हैं

राजातालाब।विजयादशमी से पूर्व जगह-जगह रामलीला शुरू हो गई है। राजातालाब के रानी बाजार में रामलीला की शुरुआत उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार ने दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने रामलीला समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर प्रभु राम के चरणों में प्रणाम किया और रामलीला के सकुशल संपन्न होने के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लीला प्रेमियों और जन समुदाय से श्री राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उप जिलाधिकारी ने कहा कि श्री राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं, समाज यदि उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर ध्यान दे तो वर्तमान समाज में शांति स्थापित हो जाएगी और समस्याओं का समाधान स्वतः हो जाएगा। इस दौरान उप जिलाधिकारी रामलीला समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित जन समुदाय के बीच जमीन पर ही बैठ गए। समिति के लोगों ने कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया, परंतु वे नहीं माने। उन्होंने कहा कि बचपन में अपने गांव में इसी तरह जमीन पर बैठकर रामलीला देखते थे, यह शुभ दिन है कि फिर ऐसा अवसर मिला। इस दौरान अनिल मोदनवाल, पंकज सेठ, शिवम पांडे, राजकुमार, सतीश, संतोष सहित भारी संख्या में लीला प्रेमी उपस्थित रहे।








Users Today : 25
Users Yesterday : 109