गंगा के ऊपर गरजेंगे राफेल-सुखोई, नमो घाट पर दिखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य
विंग्स ओवर गंगा’ के रंग में रंगेगा काशी का आसमान,22,24 और 25 अक्टूबर को एयर शो में तेजस, प्रचंड और सूर्य किरण टीम दिखाएगी अद्भुत हवाई करतब

एयर शो से पहले काशी में चिनूक की एंट्री, आसमान में दिखेगी भारतीय वायुसेना की ताकत

गंगा के ऊपर रोमांचक हवाई करतबों से पहले वाराणसी पहुंचा भारी-भरकम चिनूक हेलीकॉप्टर, एयर शो को लेकर बढ़ा उत्साह
काशी में एयर शो की तैयारियों का सीएम योगी ने लिया था जायजा, नमो घाट से गंगा के घाटों तक सुरक्षा का अभेद्य घेरा बनाने के निर्देश था
वाराणसी में धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी अब भारतीय वायुसेना के शौर्य, पराक्रम और आधुनिक हवाई ताकत की साक्षी बनने जा रही है। 22,24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर आयोजित होने वाले ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ में गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना गूंजेगी। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर होने वाला यह भव्य आयोजन काशी की प्राचीन विरासत और भारत की आधुनिक सैन्य क्षमता का अद्भुत संगम बनेगा।
राफेल और सुखोई की गर्जना, तेजस की रफ्तार से रोमांचित होगा आसमान
भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस सहित कई प्रमुख विमानों के प्रदर्शन की तैयारी है। इसके साथ ही हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’, IL-76, IL-78, C-295 और AN-32 जैसे विमान भी अपनी उड़ान क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमान भी इस आयोजन में हिस्सा लेकर तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय की झलक पेश करेंगे।
सूर्य किरण और सारंग के करतब खींचेंगे दर्शकों का ध्यान
एयर शो का प्रमुख आकर्षण भारतीय वायुसेना की ‘सूर्य किरण एरोबैटिक टीम’ और ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ होंगी। आसमान में सटीक फॉर्मेशन, रोमांचक कलाबाजियां और पलक झपकते ही बदलते उड़ान पैटर्न दर्शकों को रोमांचित करेंगे। गंगा की लहरों और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में होने वाला यह प्रदर्शन लोगों के लिए यादगार अनुभव बनने की उम्मीद है।
सिर्फ हवाई करतब नहीं, भारत की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन
यह आयोजन केवल विमानों की रफ्तार और करतब दिखाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता, अनुशासन, प्रशिक्षण और परिचालन तैयारियों की झलक भी पेश करेगा। हर उड़ान और सटीक फॉर्मेशन के पीछे एयरक्रू, इंजीनियरों, तकनीशियनों और ग्राउंड सपोर्ट टीम की कड़ी मेहनत और आपसी तालमेल की अहम भूमिका होगी।
युवाओं को मिलेगा विमानन और राष्ट्रसेवा से जुड़ने का संदेश
एयर शो के माध्यम से युवाओं को विमानन, एयरोस्पेस तकनीक और भारतीय वायुसेना में करियर की संभावनाओं से परिचित कराने का भी प्रयास किया जाएगा। यह आयोजन नई पीढ़ी को तकनीक, नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करेगा।
-गंगा बनेगी शौर्य और तकनीक के अद्भुत संगम की साक्षी
-‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम ही इस आयोजन की खासियत बयां करता है। एक ओर काशी की सनातन सांस्कृतिक विरासत और मां गंगा की अविरल धारा होगी, तो दूसरी ओर आधुनिक लड़ाकू विमानों की गर्जना और आसमान में भारतीय वायुसेना का पराक्रम। 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर होने वाला यह एयर शो काशी के लिए एक यादगार अवसर बनने जा रहा है।
भारतीय वायुसेना का आदर्श वाक्य ‘नभः स्पृशं दीप्तम्’ यानी ‘गर्व के साथ आकाश को छूना’ इस आयोजन की भावना को साकार करेगा।
वाराणसी मे एयर शो को लेकर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। एसपीजी और एटीएस समेत अन्य एजेंसियों ने एयर शो को लेकर अपनी तैयारियां शुरू की है। नमो घाट से रविदास घाट के बीच एयर शो के दो दिन पहले ग्रैंड रिहर्सल किया जाएगा। उस समय गंगा में नाव और क्रूज का संचालन भी थमा रहेगा। एयर शो में प्रधानमंत्री आगमन को देखते हुए सुरक्षा बिंदुओं पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पूरी मुकम्मल तैयारियां की जा रही हैं। वाराणसी और चंदौली जिले के आलाधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन का पूरा खाका तैयार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शो के दौरान राजघाट पुल और सामनेघाट पुल पर वाहनों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा। भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा। शो देखने के लिए डोमरी की जगह सबसे उपयुक्त है। चंदौली और बिहार से आने वाली भीड़ को डोमरी की तरफ और मिर्जापुर, सोनभद्र से आने वाली भीड़ को रामनगर बलुआ घाट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। जगह-जगह पुलिस की टीम और पार्किंग की व्यवस्था होगी। शहर की भीड़ को भी सेक्टर
और जोन में बांटा गया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एयर शो को लेकर संबंधित विभागों के संग समन्वय बैठक भी की है। इसमें बिंदुवार योजनाओं पर मंथन किया गया है। सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां भी सौंपी गई है।
– नमो घाट पर 6 बेड का अस्थाई बनेगा अस्पताल,225 बेड रहेगा सुरक्षित, ब्ल्ड बैंकों में 4-4 यूनिट सभी ग्रुप के रक्त रखे जायेंगे,डोनर की भी सूची रहेगी
काशी के घाटों पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले एयर शो की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एयरफोर्स और स्वास्थ्य विभाग की बैठक में तय हुआ कि नमो घाट पर छह बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। इसका संचालन एयरफोर्स की मदद से किया जाएगा। बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर सहित सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में 225 बेड सुरक्षित रहेंगे। इसी तरह ब्लड बैंकों में 4-4 यूनिट सभी ग्रुप के रक्त रखे जाएंगे। डोनर की सूची भी रहेगी। जिले में 24 ब्लड बैंक हैं। घाटों के नजदीक सड़क पर 50 एंबुलेंस खड़ी रहेंगी।

एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के आने का अनुमान है। इसमें से अधिकांश लोग घाटों पर मौजूद रहेंगे। 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तीनों सेनाओं के प्रमुख एयर शो देखेंगे।
सभी 84 घाटों को सेक्टर में बांटकर पुलिस टीम के साथ ही हर सेक्टर में एक-एक मेडिकल टीम लगाई जाएगी।
चंदौली की स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज, शास्त्री अस्पताल रामनगर की टीम रामनगर, डोमरी इलाके में रहेगी।
ब्लड बैंकों को सभी पंजीकृत डोनर्स की डायरेक्टरी अपडेट करने को कहा है ताकि जरूरत पड़ने पर ब्लड के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकारी-निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन के उपकरणों को 15 अक्तूबर तक क्रियाशील रखने को कहा गया है। मॉकड्रिल भी होगा।
पुलिस प्रशासन के सहयोग से नमो घाट से बीएचयू और मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा तक जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा।
सरकारी-निजी अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाइयों को रिजर्व रखने को कहा गया है। हर अस्पताल में एक-एक नोडल अधिकारी भी बनेंगे, जिनका नंबर एयरफोर्स की मेडिकल टीम के पास भी रहेगा।








Users Today : 23
Users Yesterday : 338