शिक्षक बनने का बड़ा मौका, माध्यमिक विद्यालयों में 20,382 पदों पर होगी भर्ती
टीजीटी के सर्वाधिक 17,735 पद, प्रधानाध्यापक के 1,172 और प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर नियुक्ति की तैयारी
टीजीटी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, दिसंबर में परीक्षा; आवेदन से पहले ओटीआर कराना अनिवार्य
लखनऊ/प्रयागराज। शिक्षक बनने की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शिक्षक, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के कुल 20,382 पदों पर भर्ती का रास्ता खोल दिया है। अलग-अलग विज्ञापनों के माध्यम से इन पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
भर्ती में सबसे बड़ा हिस्सा प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक (टीजीटी) का है। टीजीटी के 17,735 पदों पर अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिलेगा। इसके अलावा हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों में 1,172 प्रधानाध्यापक तथा इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में 1,475 प्रधानाचार्य के पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
टीजीटी के 17,735 पद, दिसंबर में परीक्षा
टीजीटी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रही है। अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आयोग की ओर से संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। टीजीटी भर्ती परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर मिलेगा मौका
हाईस्कूल स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पद भरे जाएंगे। इनमें बालक विद्यालयों के 1,037, जबकि बालिका विद्यालयों के 135 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसकी परीक्षा 7 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
प्रधानाचार्य के 1,475 पद भी होंगे भरे
इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त प्रधानाचार्य के पदों को भरने की भी तैयारी है। कुल 1,475 पदों में बालक विद्यालयों के 1,318 और बालिका विद्यालयों के 157 पद शामिल हैं। प्रधानाचार्य भर्ती की परीक्षा भी 7 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।
आवेदन से पहले ओटीआर जरूरी
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थी ओटीआर पूरा करने के बाद ही संबंधित पद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने आवेदन करने से पहले शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तों से संबंधित विस्तृत विज्ञापन ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है।
हजारों युवाओं को मिलेगा अवसर
एक साथ 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती से प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर तैयार हुआ है। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और संस्था प्रमुखों की कमी दूर होने के साथ ही पठन-पाठन व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।








Users Today : 143
Users Yesterday : 127