केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जौनपुर में ₹3650 करोड़ से अधिक की 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
उत्तर प्रदेश में चल रहे हैं ₹5 लाख करोड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग कार्य; राज्य जल्द बनेगा ऊर्जा निर्यातक: श्री नितिन गडकरी
जौनपुर/वाराणसी, 5 नवंबर, 2026
उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे और सड़क कनेक्टिविटी को एक नई ऊंचाई देते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज जौनपुर जिले के मुंगरा-बादशाहपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में ₹3,650 करोड़ से अधिक की कुल लागत वाली 8 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भूमिपूजन, कार्य शुभारंभ और लोकार्पण किया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय-उत्तर प्रदेश (पूर्व) के अंतर्गत आने वाली इन विकास परियोजनाओं की कुल लंबाई लगभग 191.5 किलोमीटर है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और उन्नत यातायात व्यवस्था के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने ₹3,210 करोड़ की लागत से पूर्ण हो चुकी तीन परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें ₹1,505 करोड़ की लागत से तैयार रायबरेली-प्रयागराज 4-लेन मार्ग (63 किमी), ₹1,078 करोड़ से बना जगतपुर-बाबूगंज-ऊंचाहार-आलापुर 4-लेन बाईपास व पुल (24 किमी) और ₹627 करोड़ की लागत वाला मछलीशहर-जंघई-भदोही मार्ग (49 किमी) शामिल हैं।
इसके साथ ही, क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के लिए लगभग ₹400 करोड़ की 5 नई परियोजनाओं का कार्य शुभारंभ एवं भूमिपूजन भी किया गया। इसके तहत मुंगरा-बादशाहपुर बाईपास (4 किमी, लागत ₹198 करोड़), जौनपुर शहर के कुत्तूपुर तिराहे से सराय ख्वाजा तक 4-लेन चौड़ीकरण (12 किमी, लागत ₹128 करोड़), मड़ियाहूँ रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज (1.5 किमी, लागत ₹92 करोड़), लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक 4-लेन मार्ग (5 किमी, लागत ₹33 करोड़) और रामदयाल गंज में सई नदी पर 2-लेन पुल (लागत ₹16 करोड़) का निर्माण कार्य शुरू किया गया।
समारोह के दौरान अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्गों के ₹5 लाख करोड़ के ऐतिहासिक कार्य चल रहे हैं। इसमें से ₹1 लाख करोड़ के काम पूरी तरह संपन्न हो चुके हैं, ₹3 लाख करोड़ की परियोजनाएं प्रक्रिया (प्रोसेस) में हैं और बाकी के कार्य चल रहे हैं।
श्री गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश को प्रगति की राह पर तेजी से आगे बढ़ना होगा, जिसके लिए पानी, बिजली, टेलीकम्युनिकेशन और सड़क (रोड) की संरचना को सुदृढ़ करना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जहां ये चारों तत्व मौजूद होते हैं, वहां विकास के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसरों का निर्माण होता है। आज उत्तर प्रदेश विकास की इसी राह पर आगे बढ़ रहा है, जहां बेहतरीन सड़कें बन रही हैं और उद्योग आकर्षित हो रहे हैं।
कृषि और ग्रामीण परिदृश्य में तकनीकी बदलावों की चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे किसान भाई अन्नदाता हैं, लेकिन हमारा प्रयास है कि वे अब ‘ऊर्जादाता’ और ‘इंधनदाता’ भी बनें। उन्होंने बताया कि देश में अब चावल और गन्ने से बड़े पैमाने पर ऊर्जा पैदा की जा रही है और इथेनॉल तैयार हो रहा है। इस कदम से न केवल देश के किसानों की गरीबी दूर हो रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार भी मिल रहा है।
तकनीकी प्रगति और भविष्य की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए श्री गडकरी ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और इलेक्ट्रिक व सोलर ऊर्जा का उपयोग निरंतर बढ़ रहा है। वर्तमान सरकार इस नई टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने पर पूरी शिद्दत से कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश में हो रहे इन चौतरफा विकास कार्यों के परिणामस्वरूप राज्य जल्द ही ऊर्जा को आयात करने के बजाय ऊर्जा को निर्यात करने वाला राज्य बनने जा रहा है।









Users Today : 396
Users Yesterday : 366