
सीएम योगी ने जलाया पहला दीया, शहीदों के चित्र पर किया पुष्पार्चन
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित हुआ ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम
देशभक्तिपरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने किया जोश का संचार
गोरखपुर, 9 नवंबर। दीपावली के अगले दिन, सोमवार की शाम शहीदों की याद में गोरखनाथ मंदिर परिसर रोशनी से नहा उठा। यूं लगा मानो दीपकों की लौ देश के लिए प्राणों को न्योछावर कर देने वाले बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रही हो। मंदिर परिसर के भीम सरोवर क्षेत्र में पहले दीप को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने प्रज्ज्वलित किया और इसके बाद शहीदों के चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अवसर था सोमवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर परिसर में ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भीम सरोवर के समीप दीप जलाकर और शहीदों के चित्र पर पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किए जाने के साथ ही मंदिर परिसर 11000 दीपों की आभा से जगमग हो उठा। भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (भाई) की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रज्ज्वलित दीयों की स्वर्णिम लौ अलौकिक लग रही थी।
इसी कड़ी में मंदिर परिसर के मुक्ताकाशी मंच (ओपन एयर थिएटर) पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष देशभक्ति और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर केंद्रित गीतों, नृत्य की प्रस्तुतियों ने जोश का संचार कर दिया। इन प्रस्तुतियों पर सीएम योगी भावुक नजर आए और कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक एवं भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष लोक गायक राकेश श्रीवास्तव और उनकी टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, काशी से आए जगद्गुरु संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
© 2025 Live up web – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffictail
WhatsApp us