खेत बचाओ अभियान के तहत मरुई और ओदार में किसानों को मिला वैज्ञानिक खेती का मंत्र

वाराणसी। पिंडरा ब्लॉक के मरुई और ओदार में खेत बचाओ अभियान के तहत रबी फसलों पर प्रशिक्षण हुआ। उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती की जानकारी देकर आमदनी बढ़ाना था। कार्यक्रम में आईसीएआर-आईआईवीआर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. शैलेष कुमार तिवारी एवं वैज्ञानिक डॉ. विद्या सागर ने किसानों के साथ सीधा संवाद किया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से एडीओ कृषि साहेब सिंह यादव एवं बीटीएम एसपी वर्मा मौजूद रहे। कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. सर्वजीत सिंह ने हिस्सा लिया। अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने की। डॉ. तिवारी ने बैंगन की खेती पर जानकारी दी। उन्होंने कीटों के जैविक प्रबंधन, उन्नत किस्मों, बुवाई के समय, बीज उपचार, सिंचाई प्रबंधन और बीमारियों से बचाव के तरीके समझाए। एडीओ साहेब सिंह ने मिट्टी जांच का महत्व बताया। डॉ. विद्या सागर ने रबी फसलों के प्रबंधन और जैव उर्वरकों के उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में मरुई और ओदार के कुल 150 किसानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। किसानों ने अपनी फसलों और खेती से संबंधित समस्याओं पर चर्चा कर समाधान प्राप्त किए। किसानों को बैक्टिरियल कंसोर्टियम मिक्सचर के पैकेट दिए गए। स्टिकी ट्रैप और लाइट ट्रैप का प्रदर्शन किया गया।








Users Today : 2
Users Yesterday : 71