मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के साथ मनाया रक्षाबंधन
बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री के साथ मिष्ठान वितरण भी किया
कोई भी बाढ़ पीड़ित राहत सामग्री कीट एवं सहयोग से वंचित न रहने पाए-रविन्द्र जायसवाल
प्रत्येक बाढ़ पीड़ित को राहत सामग्री उपलब्ध कराया जाए-स्टांप मंत्री

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर, आपदा से जूझ रहे बाढ़ पीड़ितो की समस्याओं पर मरहम लगाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं उन्होंने राहत शिविर में रह रहे लोगों को राहत सामग्री कीट के साथ-साथ मिष्ठान वितरण भी किया।
मंत्री रविंद्र जायसवाल शनिवार को हुकुलगंज स्थित दीप्ति कान्वेंट स्कूल में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया तथा साथ ही रक्षा बंधन पर्व को देखते हुए उन्होंने उपस्थित समस्त बाढ़ पीड़ितों के मध्य मिष्ठान का वितरण भी किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाढ़ का पानी अब घट रहा है, ऐसी स्थिति में साफ सफाई एवं दवा के छिड़काव पर पूरा ध्यान दिया जाए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम घर-घर जाकर लोगों का स्क्रीनिंग करें और लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार से लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए की बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का कोई भी बाढ़ पीड़ित राहत सामग्री कीट एवं सहयोग से वंचित न रहने पाए। प्रत्येक बाढ़ पीड़ित को राहत सामग्री उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बाढ़ शिविर में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न होने देने की भी अधिकारियों को निर्देश दिया।
इस दौरान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से स्थानीय पार्षद बृजेश कुमार श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद महेंद्र सिंह शक्ति, धनंजय सिंह, अतुल सिंह, अजीत, भोला, शिव शंकर यादव आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे








Users Today : 5
Users Yesterday : 28