सीबीआई ने रिश्वतखोरी के एक मामले में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, चंदौसी के शाखा प्रबंधक और क्षेत्रीय अधिकारी को पकड़ा
दिनांक: 02.09.2025
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आज, अर्थात् दिनांक 02.09.2025 को, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, चंदौसी, उत्तर प्रदेश के शाखा प्रबंधक और क्षेत्रीय अधिकारी को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत की माँग और स्वीकार करते हुए पकड़ा है।
सीबीआई ने दिनांक 02.09.2025 को आरोपी फील्ड ऑफिसर (स्केल-II), यूपी ग्रामीण बैंक, चंदौसी, यूपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता अपनी बहन के साथ चंदौसी में एक कपड़े की दुकान चलाता है और अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए, शिकायतकर्ता की बहन ने चंदौसी में एक लघु-स्तरीय परिधान निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना’ के तहत यूपी ग्रामीण बैंक, चंदौसी शाखा से 3 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। उक्त बैंक ने 2.70 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया था। कुल स्वीकृत राशि में से, 1,82,500/- रुपये शिकायतकर्ता की बहन को वितरित किए गए थे, लेकिन शेष राशि रोक ली गई थी। शिकायतकर्ता द्वारा यह आरोप लगाया गया था कि आरोपी फील्ड ऑफिसर ने शेष ऋण राशि जारी करने के लिए 35,000/- रुपये का अनुचित लाभ मांगा।

जाँच के दौरान, यह बात सामने आई कि आरोपी फील्ड ऑफिसर ने शाखा प्रबंधक (स्केल-III), उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, चंदौसी शाखा के साथ षडयंत्र रचकर 35,000/- रुपये के अनुचित लाभ की माँग की थी। बातचीत के बाद, दोनों आरोपी लोक सेवक अनुचित लाभ की अपनी अवैध माँग को थोड़ा कम करके 30,000/- रुपये करने पर सहमत हो गए।

सीबीआई ने जाल बिछाया और दोनों आरोपी लोक सेवकों को दिनांक 02.09.2025 को शिकायतकर्ता से 30,000/- रुपये की अवैध रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
इस मामले में जांच जारी है।
***








Users Today : 0
Users Yesterday : 52