Home » उत्तर प्रदेश » मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी में अभेद्य सुरक्षा घेरा पुलिस आयुक्त ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी वाराणसी l

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी में अभेद्य सुरक्षा घेरा पुलिस आयुक्त ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी वाराणसी l

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी में अभेद्य सुरक्षा घेरा

पुलिस आयुक्त ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी

वाराणसी : मुख्यमंत्री के वाराणसी आगमन को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा का खाका पूरी तरह तैयार कर लिया है। वीआईपी रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने वीआईपी रूट व कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को परखा। निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों व ड्यूटी में लगे जवानों की ब्रीफिंग कर उन्हें पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

वीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात जवानों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

होटल-ढाबों से लेकर सोशल मीडिया तक निगरानी

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने होटल, ढाबे और अन्य ठहरने वाले स्थानों की गहन चेकिंग कराई। वहां ठहरे लोगों के आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। असामाजिक व संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर रखने के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों और सूचनाओं की भी निगरानी की जा रही है।

बिना जांच कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं

कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश द्वारों पर DFMD और बैगेज स्कैनर लगाए गए हैं। सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही किसी व्यक्ति को प्रवेश दिया जाएगा। महिलाओं की सुविधा के लिए अलग इनक्लोजर की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट पर मजबूत बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

ट्रैफिक प्लान भी तैयार, वैकल्पिक मार्गों का होगा इस्तेमाल

मुख्यमंत्री के मूवमेंट के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर आमजन के आवागमन को सुचारु रखने की व्यवस्था की गई है। वीआईपी रूट पर गलियों, कट और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भीड़ नियंत्रण के लिए रस्से और लाउड-हेलर की व्यवस्था की गई है।

हर जवान को बताया गया जिम्मा

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रभारी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से बताएं। उन्होंने जवानों से पूरी तरह मानसिक रूप से तैयार रहने, अनुशासन बनाए रखने और ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने को कहा।

ब्रीफिंग में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, डीसीपी यातायात अनिल कुमार यादव सहित कमिश्नरेट वाराणसी और बाह्य जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *