महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया: राष्ट्रव्यापी अभियान में आहार विविधता, खाने में पर्याप्त प्रोटीन और ताजे पके भोजन पर जोर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा आंगनवाड़ी केंद्र जीवंत सामुदायिक संस्थान बने
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास ने कहा 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्र 7.5 करोड़ से अधिक बच्चों और 1.10 करोड़ गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल सेवाएं प्रदान कर रहे हैं
श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने लोगों से 2047 तक सुपोषित भारत और विकसित भारत की दिशा में पोषण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने आज 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का वाराणसी के रुद्राक्ष इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर में शुभारंभ किया। हमारी आंगनवाड़ी, हमारी ज़िम्मेदारी विषय के तहत इस एक महीने के पोषण माह का उद्घाटन राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन के रूप में किया गया।

9वें राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर और उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पोषण मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य के साथ ही केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, विकास भागीदार, अग्रिम पंक्ति के सेवा प्रदाता कर्मी और लाभार्थियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने अपने विशेष संबोधन में पोषण अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और जमीनी स्तर पर पोषण सेवा मजबूत बनाने में आंगनवाड़ी केंद्रों की परिवर्तनकारी भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए विभागों के बीच निरंतर समन्वय, सक्रिय सामुदायिक भागीदारी और अग्रिम पंक्ति के समर्पित सेवा प्रदाताओं की भूमिका बेहद अहम है। श्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले कुछ वर्षों में हुए महत्वपूर्ण सुधारों की चर्चा करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों को उन्नत और नवीनीकृत किया गया है और उन्हें बेहतर बुनियादी ढांचे और शिक्षण वातावरण के साथ जीवंत सामुदायिक संस्थानों में बदला गया है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अब वास्तविक समय में डेटा प्रविष्टि और डिजिटल निगरानी द्वारा बेहतर सेवा वितरण संभव हो गया है। श्री योगी आदित्यनाथ ने पूरक पोषण सेवा सुदृढ़ीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र अब पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से गर्म पका भोजन और घर ले जाने हेतु राशन प्रदान कर रहे हैं, जिससे पूरे राज्य में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को बेहतर पोषण मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि पोषण कभी व्यर्थ नहीं जाता, क्योंकि इससे स्वस्थ बच्चों, सशक्त परिवारों और मजबूत राष्ट्र के रूप में जीवनपर्यन्त लाभ मिलता है।








Users Today : 7
Users Yesterday : 83