73वें दिन सूरजकुंड वार्ड पहुंचे विधायक नीलकंठ तिवारी, कुएं को अतिक्रमण मुक्त कराने के दिए निर्देश
वाराणसी। शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास महाअभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को अभियान के 73वें दिन वह सूरजकुंड वार्ड पहुंचे। यहां उन्होंने घर-घर जाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ ही संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए।
सुबह करीब आठ बजे सनातन धर्म इंटर कॉलेज के पास पहुंचे विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और वार्ड की गलियों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान एक कुएं पर अवैध कब्जा देखकर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के जोनल अधिकारी को तत्काल कुएं को अतिक्रमण मुक्त कराने और उसके सुंदरीकरण का निर्देश दिया। वहीं, क्षेत्र में बिजली के लटकते तारों की समस्या पर भी उन्होंने गंभीरता दिखाई। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल खंभे लगवाकर तारों को व्यवस्थित और सुरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वार्ड प्रवास के दौरान विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पांच पौधों का रोपण भी किया। उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने स्वच्छ काशी और सुंदर काशी के नारों के साथ अभियान में सहभागिता की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह डब्बू, पार्षद अंकुर मल्होत्रा, महानगर आईटी संयोजक पंकज चतुर्वेदी, पार्षद अनंत राज, पार्षद श्रवण गुप्ता, जय केसरी, मनीष गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता गोविन्द यादव , प्रियांशु तिवारी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।








Users Today : 16
Users Yesterday : 92