श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक गौरव के साथ मनाई गई महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह जी की जन्म शताब्दी

राजातालाब। काशी की गौरवशाली परंपरा के पूर्व काशीनरेश महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह की जन्म शताब्दी पर सर्वभारतीय काशीराज न्यास एवं महाराज काशीराज धर्मार्थ निधि, दुर्ग रामनगर के तत्वावधान में शुक्रवार को महाराज बलवंत सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गंगापुर में भव्य एवं गरिमामय समारोह हुआ। समारोह में महाराज के प्रति श्रद्धा तथा उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता का भाव दिखा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद गणेश वंदना, वैदिक मंगलाचरण एवं सरस्वती वंदना ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। तत्पश्चात महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। सचिव प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि महाराज का जीवन शिक्षा, संस्कृति, धर्म और समरसता के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। वे काशी की सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षक थे। विद्वानों ने महाराज से जुड़े संस्मरण साझा किए तथा उनके व्यक्तित्व पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि महाराज के आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं। उनके व्यक्तित्व में परंपरा और आधुनिकता का समन्वय था। अध्यक्षता महाराज डॉ. अनंत नारायण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी केवल स्मरण नहीं, बल्कि विचारों और आदर्शों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प है। इस अवसर पर व्योमेश शुक्ल, प्रोफेसर पीवी सिंह, प्रोफेसर हरिकेश सिंह, सुरजीत सिंह डंग, प्रोफेसर तेनजिन नोरबू, प्रोफेसर बिहारी लाल शर्मा, प्रोफेसर आनंद कुमार त्यागी सहित बाबू धर्मनी प्रसाद नारायण सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न से सम्मान किया गया। मंच संचालन प्रोफेसर सतीश कुमार राय ने किया। प्राचार्य प्रोफेसर पुरुषोत्तम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र सिंह,प्राचार्य अनिल प्रताप सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह समारोह काशी की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और महाराज के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में सार्थक पहल सिद्ध हुआ।








Users Today : 62
Users Yesterday : 106