डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज में स्व. राधे मोहन सिंह ‘कल्लन बाबू’ का प्रथम निर्वाण दिवस संरक्षक दिवस के रूप में मनाया गया
श्रद्धांजलि सभा व संगोष्ठी में जुटे शिक्षाविद व गणमान्य, व्यक्तित्व-कृतित्व का हुआ स्मरण

राजातालाब।डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज भैरवतालाब में लोकबंधु राजनारायण के ज्येष्ठ पुत्र स्व. राधे मोहन सिंह ‘कल्लन बाबू’ का प्रथम निर्वाण दिवस संरक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय परिवार के सदस्यों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व का स्मरण किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक तोयज कुमार सिंह एवं प्राचार्य प्रो. आशुतोष कुमार ने लोकबंधु राजनारायण व डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमाओं तथा स्व. राधे मोहन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं व अन्य गणमान्य लोगों ने स्व. कल्लन बाबू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. आशुतोष कुमार ने कहा कि स्व. कल्लन बाबू सभी के शुभचिंतक थे। वे शिक्षकों व विद्यार्थियों को सदैव अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार उनके द्वारा निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए संकल्पित है। अधिवक्ता प्रदीप सिंह ने स्व. कल्लन बाबू से जुड़े संस्मरण साझा किए। संगोष्ठी में प्रो. सुमन देवी, डॉ. सुशील कुमार दूबे, धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. हेमन्त सिंह, अम्बरीष सिंह, रवि कुमार, जितेन्द्र पटेल, अधिवक्ता विशाल नारायण सिंह व सुशील सिंह ने भी अपने विचार रखे और स्व. कल्लन बाबू के सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेन्द्र नारायण राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ब्रजेश जायसवाल ने दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अधिवक्ता तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








Users Today : 34
Users Yesterday : 25