53वें दिन मध्यमेश्वर वार्ड में पहुंचे नीलकंठ तिवारी, मौके पर सुनीं जनसमस्याएं
जर्जर बिजली के खंभे और अधूरे पत्थर लगाने पर अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान का 53वां दिन मध्यमेश्वर वार्ड में संपन्न हुआ। इस दौरान विधायक ने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में पैदल भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को मौके पर ही सुना। साथ चल रहे नगर निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को उन्होंने कई समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रवास की शुरुआत भारतेंदु पार्क में साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रतिमा पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद विधायक ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों के साथ वार्ड भ्रमण शुरू किया।
भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर नगर निगम द्वारा लगाए गए पत्थरों के ठीक ढंग से नहीं लगाए जाने की शिकायत सामने आई। इस पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देते हुए कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी दौरान कुछ स्थानों पर बिजली विभाग के जर्जर एवं क्षतिग्रस्त खंभे भी सामने आए। विधायक ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाकर इन खंभों को तत्काल ठीक कराने तथा संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वार्ड भ्रमण के दौरान डॉ. तिवारी ने रास्ते में मिलने वाले लोगों से उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कई वरिष्ठजनों के घर पहुंचकर उनसे और उनके परिवारजनों से मुलाकात की तथा क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। वरिष्ठ नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं को भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।








Users Today : 9
Users Yesterday : 83