राजघाट वार्ड में 54वें दिन पहुंचे नीलकंठ तिवारी, “कोई आदेश हौ, कोई काम हौ?” पूछकर सुनीं जनसमस्याएं
पेयजल पाइपलाइन बदलने और गलियों में स्मार्ट चौका लगाने की मांग, करीब एक किलोमीटर गलियों में पीसीसी व चौका बदलने के लिए विधायक निधि से धनराशि आवंटित

वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया जा रहा 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को अभियान के 54वें दिन डॉ. नीलकंठ तिवारी ने राजघाट वार्ड में प्रवास कर स्थानीय लोगों से जनसंपर्क किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस वर्ष का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास 19 जुलाई से शुरू हुआ है, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे भैसासुर बाबा मंदिर पर क्षेत्रीय लोगों का एकत्रीकरण हुआ। इसके बाद स्वच्छता अभियान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। विधायक ने राजघाट वार्ड के नया महादेव मोहल्ले की गलियों में भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी ने लोगों से ठेठ बनारसी अंदाज में पूछा— “कोई आदेश हौ, कोई काम हौ?” विधायक के इस अंदाज पर स्थानीय लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं बताईं। लोगों ने पेयजल पाइपलाइन बदलने तथा गलियों में स्मार्ट चौका लगाने की मांग रखी। विधायक ने मौके पर मौजूद नगर निगम, जलकल एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
पाइपलाइन बदलने के लिए अधिकारियों से की वार्ता
पेयजल पाइपलाइन की समस्या को लेकर विधायक ने मौके से ही नगर आयुक्त एवं जलकल के महाप्रबंधक से मोबाइल पर वार्ता की। इसके साथ ही उन्होंने इस संबंध में पत्र भी भेजा। वहीं, राजघाट वार्ड की करीब एक किलोमीटर लंबी सभी गलियों में पीसीसी कराने तथा चौका बदलने के लिए विधायक निधि से धनराशि आवंटित किए जाने की जानकारी दी गई।
पांच पौधों का किया रोपण
वार्ड प्रवास के दौरान संत शिरोमणि पूज्य श्री रविदास मंदिर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पांच पौधों का रोपण भी किया गया। विधायक ने लोगों से पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता की अपील की।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि 54 दिनों के वार्ड प्रवास के दौरान दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में दो-दो बार प्रवास पूरा हो चुका है। वर्तमान में तीसरे चरण के प्रवास के छठे वार्ड का भ्रमण भी पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सुबह होने वाले वार्ड प्रवास में स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, वार्ड भ्रमण और जनसमस्याओं के समाधान के साथ अंत में चौपाल लगाकर लोगों से अनौपचारिक संवाद किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 54 दिनों के दौरान पटरी, नाली, सीवर, पेयजल, गली-पिट, स्ट्रीट लाइट, पार्क सहित सैकड़ों छोटे-बड़े कार्य कराए गए हैं।
आठ रविवार को लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंप
विधायक ने बताया कि इस बार 76 दिवसीय वार्ड प्रवास के दौरान प्रत्येक रविवार को अलग-अलग स्थानों पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंप भी लगाए जा रहे हैं। अब तक आठ रविवार को आठ कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। इन कैंपों में विश्वकर्मा योजना के किट तथा पीएम स्वनिधि योजना के चेक दर्जनों लाभार्थियों को वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन कैंपों के माध्यम से अब तक करीब एक हजार लोगों का नेत्र परीक्षण कराया जा चुका है, जबकि 200 से अधिक लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न लाभार्थी योजनाओं में सैकड़ों लोगों का पंजीकरण भी कराया गया है।
जनता के बीच दिखा उत्साह
वार्ड प्रवास के दौरान स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने विधायक का स्वागत किया और अपनी समस्याओं को सीधे उनके सामने रखा। कई स्थानों पर लोगों ने गमछा व माला पहनाकर स्वागत किया, जबकि महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। विधायक ने लोगों के स्नेह के प्रति आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से अभियान को जनसेवा से जोड़कर आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, महानगर मंत्री सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पार्षद विजय सोनकर, अंकुर मेहरोत्रा, अभिजीत भारद्वाज लकी, दीपक कुशवाहा, शुभम चौरसिया, कमलेश साहनी, सौरभ साहनी, अंगद साहनी, अशोक तिवारी बाबा, प्रियांशु तिवारी, अशोक वर्मा, दुर्गा साहनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।







Users Today : 51
Users Yesterday : 51