पीएम आवास योजना-शहरी में यूपी का देशभर में डंका
दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित हुआ प्रदेश, स्वीकृत आवासों को पूर्ण कराने में हासिल किया पहला स्थान
लखनऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने देशभर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। योजना के तहत स्वीकृत आवासों को पूर्ण कराने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश को दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। लाभार्थी आधारित आवास निर्माण में स्वीकृत आवासों के सापेक्ष सर्वाधिक आवास पूर्ण कराने पर प्रदेश ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
पीएम आवास योजना-शहरी के माध्यम से प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की ओर से पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए निर्धारित सहायता उपलब्ध कराने के साथ निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 में भी यूपी का शानदार प्रदर्शन
योजना के नए चरण पीएमएवाई-यू 2.0 के तहत स्वीकृत आवासों के सापेक्ष प्रगति में भी उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। आवास निर्माण को गति देने, लाभार्थियों को समय से सहायता उपलब्ध कराने और योजनाओं की नियमित समीक्षा के चलते प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बेहतर स्थिति बनाई है।
अधिकारियों का कहना है कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, नियमित निगरानी और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यही वजह है कि स्वीकृत आवासों को धरातल पर उतारने में उत्तर प्रदेश लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
राष्ट्रीय पुरस्कार से बढ़ा प्रदेश का गौरव
पीएम आवास योजना-शहरी में उत्तर प्रदेश को मिली यह उपलब्धि प्रदेश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आशियाना उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की बड़ी सफलता मानी जा रही है। दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से विभागीय अधिकारियों और स्थानीय निकायों का उत्साह भी बढ़ा है। सरकार का लक्ष्य है कि योजना के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से आवास का लाभ मिले और ‘हर जरूरतमंद का अपना पक्का घर’ का सपना साकार हो।






Users Today : 111
Users Yesterday : 180