Home » उत्तर प्रदेश » मेगा कैंप में पात्र लाभार्थियों को दिलाएं योजनाओं का लाभ जिला जज ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की वाराणसी।

मेगा कैंप में पात्र लाभार्थियों को दिलाएं योजनाओं का लाभ जिला जज ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की वाराणसी।

मेगा कैंप में पात्र लाभार्थियों को दिलाएं योजनाओं का लाभ

जिला जज ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की

वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा कैंप की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला जज ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कैंप कार्यालय सभागार में हुई बैठक में मेगा कैंप की व्यवस्थाओं, विभागीय स्टॉल, लाभार्थियों के चयन और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रभारी जिला जज संध्या श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेगा कैंप में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि विभाग अपने स्तर से पात्र लोगों की सूची तैयार करें और यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे।

उन्होंने बताया कि एक नवंबर को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में मेगा कैंप प्रस्तावित है। कैंप में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सुविधाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला जज ने सभी विभागों से कहा कि मेगा कैंप में अपने-अपने स्टॉल प्रभावी ढंग से संचालित करें। स्टॉल पर योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेगा कैंप के आयोजन से पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। साथ ही विभागीय योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को कैंप की जानकारी देकर उन्हें इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से ही मेगा कैंप को सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मेगा कैंप को सफल बनाने के लिए निर्धारित समय से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

Varsha Kesari
Author: Varsha Kesari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *