स्नातक-शिक्षक चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, मतदाताओं तक पहुंचने का मंत्र
रोहनिया में चुनावी तैयारियों पर मंथन, बूथ से लेकर क्षेत्र स्तर तक संपर्क अभियान तेज करने पर जोर
कार्यकर्ताओं ने भरी जीत की हुंकार, पदाधिकारियों ने कहा- हर मतदाता से स्थापित करें सीधा संवाद
वाराणसी। आगामी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन की रणनीति, मतदाता संपर्क अभियान और क्षेत्रवार जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बूथ और क्षेत्र स्तर पर सक्रियता बढ़ाते हुए प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का आह्वान किया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि यह चुनाव संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के विश्वास की परीक्षा है। चुनावी तैयारी को केवल मतदान के दिन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। अभी से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर उनसे संवाद स्थापित करना होगा। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी का निर्वहन करे।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जब एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ मैदान में उतरते हैं तो बड़ी से बड़ी चुनौती को भी पार किया जा सकता है। स्नातक और शिक्षक समाज जागरूक एवं प्रबुद्ध वर्ग है। ऐसे मतदाताओं के बीच तथ्यों और संवाद के माध्यम से संगठन की नीतियों एवं विचारों को पहुंचाने की जरूरत है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें, मतदाताओं की बात सुनें और उनकी अपेक्षाओं को समझते हुए लगातार संपर्क बनाए रखें।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव काशी क्षेत्र प्रभारी शंकर गिरि ने कहा कि चुनावी अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रवार संपर्क अभियान को गति दे। बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क तैयार कर मतदाताओं से निरंतर संवाद स्थापित किया जाए।
स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने कहा कि स्नातक समाज से जुड़ी समस्याओं और अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क कर मतदाताओं के साथ मजबूत संवाद कायम करने का आह्वान किया।
क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गया है। कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ बूथ, मंडल और विधानसभा स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाना होगा। उन्होंने निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप मतदाता संपर्क में तेजी लाने पर जोर दिया।
बैठक में चुनावी अभियान को गति देने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संकल्प लिया गया। पदाधिकारियों ने जिला, महानगर, विधानसभा और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर अभियान चलाने की अपील की।
बैठक का संचालन पूर्व विधायक सुरेन्द्र नारायण सिंह ने किया, जबकि क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
ये रहे मौजूद
बैठक में राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव काशी क्षेत्र प्रभारी शंकर गिरि, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह, क्षेत्र संयोजक सुरेन्द्र नारायण सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत, अमित राय, अनूप जायसवाल, मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा और जगदीश त्रिपाठी समेत जिला संयोजक, महानगर संयोजक, विधानसभा संयोजक, विधानसभा समन्वयक और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे l






Users Today : 42
Users Yesterday : 115