March 16, 2026 4:34 pm

Home » liveup » वाराणसी में घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस

वाराणसी में घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस

वाराणसी में घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस

सरकार की मंशा है कि हर घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे, इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए-रविन्द्र  

जोनल कार्यालयों पर विशेष कैम्प, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया निरीक्षण

विशेष कैम्पों में मिल रही आवेदन की सुविधा

आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के अंदर रसोई तक गैस कनेक्शन अवश्य हो-मंत्री

 

 

वाराणसी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रसोई गैस की सुविधा अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिससे अब लोगों को घरेलू गैस सुगमता के साथ उनके रसोई में उपलब्ध होगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के निर्देश पर रविवार से शहर के सभी आठ जोनल कार्यालयों में विशेष कैम्प लगाए जा रहे हैं। जहां लोगों को घरेलू गैस पाइपलाइन कनेक्शन के लिए आवेदन करने और तुरंत प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा दी जा रही हैं। रविवार को अभियान के पहले दिन मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नदेसर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में लगाए गए विशेष कैम्प का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और लोगों को जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की मंशा है कि शहर के हर घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे, इसलिए इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।
गैस आपूर्ति के लिए लगभग 102 किलोमीटर स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जो मुख्य गैस वितरण प्रणाली का आधार बनेगी। इसके अलावा शहर और आसपास के इलाकों में घरों तक गैस पहुंचाने के लिए लगभग 1450 किलोमीटर प्लास्टिक की लो प्रेशर पाइपलाइन का जाल बिछाया जा चुका है।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में लगाए गए इन विशेष कैम्पों में लोगों को घरेलू पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने की सुविधा दी जा रही है। यहां उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा लोगों को योजना की पूरी जानकारी भी दी जा रही है। कैम्प में आने वाले नागरिकों को बताया जा रहा है कि किस प्रकार आवेदन करना है, किन दस्तावेजों की आवश्यकता है और कनेक्शन मिलने की प्रक्रिया क्या होगी। इससे लोगों में भी इस सुविधा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने निरीक्षण के दौरान कैम्प में मौजूद लोगों से बातचीत भी की। उन्होंने लोगों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं और आवेदन कर जल्द से जल्द अपने घरों में पाइपलाइन गैस कनेक्शन प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के अंदर रसोई तक गैस कनेक्शन हो जाना चाहिए। गेल के अधिकारियों ने बताया कि हेल्प लाइन नंबर 7268071339, 9454535384 पर कनेक्शन एवं आपूर्ति के बाबत कभी भी कंप्लेन किया जा सकता है।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *