शिक्षा संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ सोमवार को शिक्षा संकाय कमच्छा परिसर स्थित हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर संकाय के शिक्षकगण, कार्यालय के कर्मचारी एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
पूजा के उपरांत शिक्षा संकाय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग स्थलों पर अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्य उद्घाटन सत्र का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। शिक्षा संकाय के अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया गया।
अपने उद्बोधन में शिक्षा संकाय के अध्यक्ष एवं संकाय प्रमुख ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण, उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों तथा महामना के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन छात्र सलाहकार डॉ. सोमू सिंह ने किया। इस अवसर पर शिक्षा संकाय के अन्य शिक्षकगण, कार्यालय के कर्मचारी एवं संकाय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। अभिमुखीकरण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा संकाय की शैक्षणिक परंपराओं, संस्थागत मूल्यों तथा उपलब्ध सुविधाओं एवं अवसरों से परिचित कराया एवं उनके समुचित उपयोग के लिए निर्देशित किया गया।







Users Today : 22
Users Yesterday : 25