आयुषी अग्रवाल के नेतृत्व में सजा ‘बनी ठनी 4.0’, महिला उद्यमिता को मिला सशक्त मंच
50 स्टॉल पर महिला उद्यमियों ने प्रदर्शित किए उत्पाद, स्थानीय कारोबार को मिला बढ़ावा

वाराणसी। मारवाड़ी युवा मंच, वरुणा शाखा की अध्यक्ष आयुषी अग्रवाल के नेतृत्व में गुरुवार को डायमंड होटल, भेलूपुर में आयोजित ‘बनी ठनी 4.0’ प्रदर्शनी का भव्य आयोजन हुआ। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में शहर की महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चली प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रदर्शनी में लगभग 50 स्टॉल लगाए गए, जहां महिला उद्यमियों ने परिधान, ज्वेलरी, होम डेकोर, हैंडीक्राफ्ट, गिफ्ट आइटम, फूड एवं अन्य लाइफस्टाइल उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया। आयोजन ने महिलाओं को अपने व्यवसाय को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को भी प्रभावी मंच प्रदान किया।
शाखा अध्यक्ष आयुषी अग्रवाल ने कहा कि ‘बनी ठनी 4.0’ का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके हुनर को पहचान दिलाने और उन्हें व्यापार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागी महिला उद्यमियों, आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
शाखा की मंत्री नीता गोयनका एवं कोषाध्यक्ष कृतिका गोयल ने भी आयोजन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम की कन्वीनर्स प्रीति केजरीवाल, किरण रतेरिया, सुजाता बजोरिया एवं अंजना शर्मा ने प्रदर्शनी के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में शहर की अनेक महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों से जुड़ने का अवसर मिला, जिससे स्थानीय महिला उद्यमिता को नई ऊर्जा मिली।








Users Today : 4
Users Yesterday : 92