लोलार्क षष्ठी पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस आयुक्त ने दिए दिशा-निर्देश
वाराणसी। लोलार्क षष्ठी पर्व को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पर्व के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने लोलार्क कुंड परिसर में प्रवेश और निकास मार्गों, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। पर्व के दौरान विशेष रूप से श्रद्धालुओं और दंपतियों की सुरक्षित आवाजाही पर ध्यान देने को कहा गया।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने तथा आवश्यकता के अनुसार सहायता केंद्र स्थापित करने को कहा, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त ने कुंड के आसपास वाहनों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बनने पाए और यातायात पुलिस व स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय से व्यवस्था संभाले।
निरीक्षण के दौरान कुंड परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लोलार्क षष्ठी पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







Users Today : 0
Users Yesterday : 98