February 21, 2026 4:53 am

Home » Uncategorized » एक ही मंडप में गूंजे मंत्र व कलमा, परिणय सूत्र में बंधे 59 जोड़े

एक ही मंडप में गूंजे मंत्र व कलमा, परिणय सूत्र में बंधे 59 जोड़े

एक ही मंडप में गूंजे मंत्र व कलमा, परिणय सूत्र में बंधे 59 जोड़े

– मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शहीद उद्यान में  आयोजित भव्य समारोह में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
– प्रत्येक जोड़े पर खर्च हुए एक लाख रुपये, उपहार व प्रमाणपत्र पाकर खिल उठे नवविवाहितों के चेहरे

 


वाराणसी : काशी में शुक्रवार को सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सिगरा स्थित शहीद उद्यान में आयोजित दो दिवसीय मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतिम दिन 59 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।  खास बात यह रही कि एक ही परिसर में जहां एक ओर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 24 हिंदू जोड़ों ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए, तो वहीं दूसरी ओर 34 मुस्लिम जोड़ों ने अपनी रवायतों के अनुसार निकाह कबूल किया। मंत्रों की गूंज और निकाह की आयतों ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार कर दिया। वहीं गंगा-जमुनी तहजीब को जीवंत कर दिया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों ने पुष्प वर्षा कर नवदंपतियों के सुखद भविष्य की मंगलकामना की।
बेटियों की शादी की दूर हुई चिंता : प्रो. आनंद कुमार त्यागी

 


समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह भारत की असली और समावेशी तस्वीर पेश करता है। किसी भी गरीब परिवार के लिए बिटिया की गरिमापूर्ण विदाई सबसे बड़ी चिंता होती है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से संचालित इस योजना ने गरीब की यह चिंता हमेशा के लिए दूर कर दी है। इसके लिए प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये जोड़े राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे।
राष्ट्र निर्माण की नई गाथा लिखेंगे जोड़े : अशोक धवन
पूर्व एमएलसी अशोक धवन ने नवविवाहित जोड़ों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि निर्धन परिवारों के स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प है। आज ये जोड़े अपने नए जीवन का शुभारंभ कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि ये नवविवाहित जोड़े अपनी उन्नति की नई गाथा लिखने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति स्वयं को समर्पित करेंगे और समाज में एक सकारात्मक बदलाव लेकर आएंगे।

]

सरकार हर कदम पर आपके साथ : महापौर
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही है। सामूहिक विवाह के माध्यम से सरकार ने साबित किया है कि समाज की हर बेटी की जिम्मेदारी शासन की है। आज इन जोड़ों को सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि, उपहार और प्रमाणपत्र सौंपते हुए हमें गर्व की अनुभूति हो रही है। इस कल्याणकारी योजना के तहत सरकार द्वारा प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए गए। इसमें कन्या के खाते में सीधे 60 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई, जबकि 25 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा विवाह की भव्य व्यवस्थाओं पर खर्च हुआ। इस गरिमामयी समारोह में पार्षद मदन मोहन तिवारी, श्याम भूषण शर्मा, विनीत सिंह, अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित नगर निगम व समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक साक्षी बने।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *